
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। मानवता और सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण शुक्रवार को जिला अस्पताल उन्नाव में देखने को मिला, जहां आर्थिक रूप से कमजोर एक महिला की मदद के लिए अस्पताल की ब्लड बैंक टीम आगे आई और उसकी बेटी के उपचार के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, चौरा रोड, लोकनगर निवासी गीता देवी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे से जिला अस्पताल परिसर में अपनी बेटी के लिए एक यूनिट रक्त की व्यवस्था करने हेतु लोगों से सहायता की अपील कर रही थीं। उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों से रक्तदान का अनुरोध किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें कोई मदद नहीं मिल सकी। आर्थिक तंगी के कारण वह बाहर से रक्त की व्यवस्था करने में भी असमर्थ थीं। महिला की परेशानी को देखते हुए जिला अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुनील कुमार शुक्ला के नेतृत्व में महिला की बेटी के उपचार के लिए एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। रक्त मिलते ही मरीज को तत्काल रक्त चढ़ाया गया, जिससे उसके उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली। रक्त मिलने के बाद गीता देवी भावुक हो उठीं। उन्होंने हाथ जोड़कर ब्लड बैंक की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया और खुशी के आंसुओं के साथ बार-बार “ब्लड बैंक की जय हो” कहते हुए सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया। इस भावुक क्षण को देखकर अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गईं। इस मानवीय पहल की जानकारी मिलने पर कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष चेतन मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सीएमएस डॉ. सुनील कुमार शुक्ला सहित पूरी ब्लड बैंक टीम का सम्मान कर उनके सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि किसी भी जरूरतमंद परिवार को रक्त संबंधी सहायता की आवश्यकता होगी तो कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस अवसर पर चेतन मिश्रा ने अस्पताल के कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर गीता देवी की ओर से पुनः धन्यवाद ज्ञापित किया। इस सेवा कार्य में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनुराग कुमार, सीएमएस कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर हर्ष तिवारी, लैब टेक्नीशियन निर्मेश पटेल, महेंद्र वर्मा, अमिताभ सिंह, सुनील कुमार पाल, राजेश कुमार, पंकज कुमार, दिनेश कुमार, गौरव निगम, सोनी देवी तथा स्मृति गुप्ता सहित पूरी ब्लड बैंक टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला अस्पताल उन्नाव की ब्लड बैंक टीम की इस संवेदनशील पहल ने यह संदेश दिया कि सच्ची मानवता वही है, जब संकट की घड़ी में कोई अनजान व्यक्ति भी बिना किसी स्वार्थ के मदद के लिए आगे आए। अस्पताल की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।



