
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के तहत नगर के एक विद्यालय में बांगरमऊ पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक ने छात्राओं, महिलाओं और विद्यालय स्टाफ को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 102, 108, 112 और 1930 के उपयोग और महत्व को सरल भाषा में समझाया। उपनिरीक्षक ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, बाल संरक्षण या अन्य आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक सलाह भी दी। कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षा संबंधी सवाल पूछे, जिनका पुलिसकर्मियों ने संतोषजनक उत्तर दिया। पुलिस ने सभी से जागरूक रहने, निर्भीक होकर शिकायत करने तथा दूसरों को भी सुरक्षा संबंधी जानकारी देने की अपील की।




