
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पाण्डेय ने भोजला मंडी स्थित विभिन्न क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से गेहूं खरीद निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाए और खरीदे गए गेहूं का समयबद्ध तरीके से भारतीय खाद्य निगम (FCI) को प्रेषण सुनिश्चित किया जाए। भोजला प्रथम क्रय केंद्र के निरीक्षण में केंद्र प्रभारी विनय कुमार सिंह, एएमओ और विपणन सहायक जगदीश सिंह मौके पर उपस्थित मिले। यहां 110 किसानों से अब तक 7711 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि 4350 कुंतल गेहूं का एफसीआई को प्रेषण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान एक किसान के गेहूं की तौल प्रक्रिया भी जारी पाई गई। इसी क्रम में भोजला द्वितीय (विपणन शाखा) क्रय केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां केंद्र प्रभारी राहुल शर्मा मौजूद रहे। यहां 145 किसानों से 9262 कुंतल गेहूं की खरीद दर्ज की गई है, जबकि 2643 कुंतल गेहूं एफसीआई को भेजा जा चुका है। मौके पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और तौल प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती मिली। खाद्य विभाग के एक अन्य क्रय केंद्र पर केंद्र प्रभारी पवन कान्त उपस्थित मिले, जहां 150 किसानों से 9450 कुंतल गेहूं की खरीद स्टॉक पंजिका में दर्ज पाई गई।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि परिवहन ठेकेदारों के साथ समन्वय बनाकर गेहूं का शीघ्र प्रेषण किया जाए और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को उनका उचित मूल्य मिल सके और सरकारी व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।




