
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए घनश्याम मीना के निर्देश पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा।अभियान के दौरान संजीव कुमार, प्रतिभा गौतम और शैहपर किदवई सहित अधिकारियों की टीम ने सघन जांच की। जांच में ऐसे वाहन चिन्हित किए गए, जिनकी बॉडी को कंपनी मानकों के विपरीत संशोधित कर लंबाई बढ़ाई गई थी और क्षमता से अधिक माल लादा जा रहा था।कार्रवाई करते हुए कुल 11 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया और उन्हें विभिन्न थानों में सीज (निरुद्ध) कर दिया गया। इस अभियान के तहत विभाग को कुल 8 लाख 74 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क (जुर्माना) प्राप्त हुआ।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग जैसे खतरनाक और गैरकानूनी कृत्यों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।




