HomeMaharashtraअंधेरी रेलवे स्टेशन परिसर में अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण, डाक विभाग भारतीय...

अंधेरी रेलवे स्टेशन परिसर में अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण, डाक विभाग भारतीय संस्कृति और सेवा का अभिन्न हिस्सा: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि डाक विभाग ने गरीब-अमीर, जाति-धर्म का भेदभाव किए बिना देश के कोने-कोने तक अपनी सेवाएं पहुंचाई हैं और कारगिल युद्ध जैसे कठिन समय में भी पोस्टमैन वीर जवानों के संदेश उनके परिवारों तक पहुंचाकर मानवीय संवेदनाओं के वाहक बने। उन्होंने कहा कि डाक विभाग केवल सेवा देने वाला विभाग नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री फडणवीस तथा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक अमित साटम, विधायक हारून खान, महाराष्ट्र-गोवा सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अमिताभ सिंह तथा पोस्टमास्टर जनरल के. अरोरा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विचार से प्रेरित होकर डाक विभाग ने आधार सेवा, बैंकिंग सेवा और ऑटोमैटिक पार्सल सेवा जैसी आधुनिक सुविधाओं को अपनाया है। इंटरनेट, एसएमएस, ई-मेल और निजी कूरियर सेवाओं की प्रतिस्पर्धा के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि ने डाक विभाग को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि पोस्ट बैंक जैसी सेवाओं के माध्यम से विभाग में बड़ा परिवर्तन आया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री सिंधिया का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डाक विभाग ने राजस्व वृद्धि दर को 2.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 16 प्रतिशत तक पहुंचाया है और नए स्वरूप में जनता की सेवा करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमैन और डाक विभाग का सामाजिक जीवन में महत्व मराठी साहित्यकार पु. ल. देशपांडे तथा हिंदी लेखक शरद जोशी के साहित्य में भी रेखांकित हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में ‘जन सेवा कनेक्ट’ पहल के माध्यम से 2200 डाकघर शुरू किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि गांव हो या शहर, हर परिवार के मन में पोस्टमैन के प्रति विशेष आत्मीयता होती है और देशभर में लगभग डेढ़ लाख डाकघरों के माध्यम से डाक विभाग ने आम नागरिकों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि पोस्ट लाइफ इंश्योरेंस में डेढ़ करोड़ खाते और लगभग दो लाख करोड़ रुपये की जमा राशि है, जबकि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में 40 करोड़ खाते खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस’ संकल्पना के अंतर्गत देशभर में लगभग 100 डाकघर विकसित किए गए हैं, जहां कैफे, वाई-फाई, इंटरनेट, आरएफआईडी और आधार सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ‘जन सेवा कनेक्ट’ पहल के अंतर्गत देशभर में 25 हजार डाकघर शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान अंधेरी आर.एस. पोस्ट ऑफिस परिसर का लोकार्पण, स्मृति पट्टिका का अनावरण तथा आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही ‘जन सेवा कनेक्ट’ पहल पर विशेष डाक आवरण का विमोचन भी किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments