
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच जनपद की प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सांसद अनुराग शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क, पानी, बिजली से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को सुरक्षित यातायात, पर्याप्त शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब कोर कमेटी की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी।
बैठक में नगर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। कचहरी चौराहा से बस स्टैंड तक प्रस्तावित फ्लाईओवर की प्रगति की जानकारी ली गई। सदर विधायक रवि शर्मा ने यातायात सुधार के लिए फल एवं सब्जी मंडी को भोजला मंडी में स्थानांतरित करने तथा बस स्टैंड को मून सिटी, भगवंतपुरा क्षेत्र में शिफ्ट करने का सुझाव दिया। मेडिकल कॉलेज के सामने लगातार लगने वाले जाम और मरीजों को होने वाली परेशानियों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
पेयजल आपूर्ति के मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों ने अमृत योजना-1 और अमृत योजना-2 के कार्यों में तेजी लाने की मांग की। सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि जर्जर और लीकेज पाइपलाइन के कारण लोगों को दूषित पानी मिल रहा है, इसलिए पुरानी पाइपलाइनों का सर्वे कर नई पाइपलाइन बिछाने की योजना बनाई जाए। सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल ने कुछ क्षेत्रों में डाली गई पाइपलाइनों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए तथा निशुल्क जल संयोजन के नाम पर वसूली की शिकायत भी उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल संयोजन पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जाए तथा शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
विद्युत विभाग के कार्यों पर भी जनप्रतिनिधियों ने असंतोष जताया। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। सांसद अनुराग शर्मा ने कटेरा देहात में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने के निर्देश दिए, जबकि विधायक राजीव सिंह परीछा ने ग्राम पुनावली में विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने धान की खेती वाले क्षेत्रों में किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम तैयारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट्स का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सदर विधायक रवि शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने मोहल्लों में बिजली चोरी कर ई-रिक्शा चार्ज करने की शिकायतें उठाईं। इस पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने विद्युत विभाग को अभियान चलाकर अवैध चार्जिंग केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक जवाहर लाल राजपूत, डॉ. रश्मि आर्या, राजीव सिंह परीछा, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन एवं रामतीर्थ सिंघल, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीति सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।



