Homeउत्तर प्रदेशबुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रो.आर.के.सैनी को भावभीनी विदाई, सुरक्षा विंग एवं प्रॉक्टोरियल बोर्ड...

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रो.आर.के.सैनी को भावभीनी विदाई, सुरक्षा विंग एवं प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने किया सम्मानित

झांसी, उत्तर प्रदेश। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रॉक्टोरियल बोर्ड एवं सुरक्षा विंग के पूर्व प्रभारी प्रो. आर.के. सैनी के सेवानिवृत्त होने पर विश्वविद्यालय परिसर में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षा विंग और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की ओर से किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों, अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों एवं प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का संयोजन सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील त्रिवेदी तथा मुख्य नियंता (चीफ प्रॉक्टर) प्रो. विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से किया। समारोह की अध्यक्षता स्वयं सेवानिवृत्त हो रहे प्रो.आर.के.सैनी ने की, जो उनके प्रति विश्वविद्यालय परिवार के गहरे सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक रहा। समारोह का शुभारंभ स्वागत एवं अभिनंदन भाषण से हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुनील त्रिवेदी और प्रो. विनीत कुमार ने प्रो. सैनी के अनुशासित नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रो. सैनी ने अपने कार्यकाल में सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड को भी प्रभावी और सक्रिय बनाया। अपने संबोधन में प्रो.आर.के.सैनी ने विश्वविद्यालय में बिताए वर्षों की यादों को साझा करते हुए सुरक्षा कर्मियों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल की हर उपलब्धि सुरक्षा जवानों की सतर्कता, समर्पण और टीम भावना का परिणाम रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से मिले सहयोग और स्नेह को अपने जीवन की अमूल्य पूंजी बताया। इस अवसर पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सदस्य डॉ. शुभांगी निगम, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. श्वेता पांडे और डॉ. सुमिरन श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने प्रो. सैनी को एक अनुशासित प्रशासक, कुशल मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं अधिकारी डॉ. ए.पी.एस. गौर, डॉ. कौशल त्रिपाठी, डॉ. विजय यादव, डॉ. प्रेम राजपूत, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अवनीश दुबे, अतीत विजय, देवेन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में सुरक्षा अधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी अपने पूर्व प्रभारी को विदाई देने के लिए कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह के अंत में प्रो.आर.के.सैनी को विश्वविद्यालय में उनकी उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments