HomeArchitectureBreakingश्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए प्रो.गोविन्द जी पाण्डेय...

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए प्रो.गोविन्द जी पाण्डेय ने किया आवेदन

बीबीएयू के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो.पाण्डेय का बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से भी गहरा अकादमिक जुड़ाव, शिक्षकों ने दी अग्रिम शुभकामनाएं

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. गोविन्द जी पाण्डेय ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए आवेदन किया है। उनके आवेदन की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों में चर्चा है। उनके समर्थकों और सहयोगियों ने इसे महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। प्रो.गोविन्द जी पाण्डेय पत्रकारिता, मीडिया शिक्षा, फिल्म निर्माण और संस्थागत प्रशासन के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक का अनुभव रखते हैं। बीबीएयू में विभागाध्यक्ष के साथ उन्होंने मीडिया सेंटर के निदेशक, जनसंपर्क निदेशक (प्रभार) सहित मीडिया एवं संचार से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया है। अकादमिक और प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ मीडिया, संचार और सांस्कृतिक विषयों पर उनकी पकड़ को उनके सहयोगी इस पद के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से भी अकादमिक संबंध
प्रो. गोविन्द जी पाण्डेय का झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार संस्थान से भी अकादमिक जुड़ाव है। वे विश्वविद्यालय के भास्कर इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म की बोर्ड ऑफ स्टडीज के सदस्य हैं और समय-समय पर संस्थान की अकादमिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। हाल ही में प्रो. पाण्डेय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में डॉ. कौशल त्रिपाठी के निर्देशन में शोधरत एक शोधार्थी की पीएच.डी. के बाह्य परीक्षक के रूप में झांसी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों को भी संबोधित किया और मीडिया क्षेत्र से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
‘व्यापक अकादमिक और प्रशासनिक अनुभव बनाता है सशक्त दावेदार’
पत्रकारिता संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने कहा, “प्रो. गोविन्द जी पाण्डेय का व्यापक अकादमिक और प्रशासनिक अनुभव, उनका आध्यात्मिक चिंतन और विचारधारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए उन्हें सर्वथा उपयुक्त और सशक्त बनाती है। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि संस्थान ने प्रो. पाण्डेय द्वारा निकाले जा रहे समाचार पत्र ‘बचपन एक्सप्रेस’ के साथ एमओयू भी किया है। इसके माध्यम से पत्रकारिता के विद्यार्थियों को मीडिया के व्यावहारिक प्रशिक्षण और फील्ड अनुभव का अवसर मिल रहा है।
मीडिया शिक्षा और संचार अनुसंधान में लंबा अनुभव
प्रो. गोविन्द जी पाण्डेय देश के अनुभवी मीडिया शिक्षाविदों में गिने जाते हैं। मीडिया एवं फिल्म अध्ययन, संचार अनुसंधान और विकास संचार उनके प्रमुख विशेषज्ञता क्षेत्रों में शामिल हैं। अध्यापन के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियों और मीडिया क्षेत्र के व्यावहारिक अनुभव ने उनके कार्यक्षेत्र को व्यापक बनाया है। प्रो. पाण्डेय के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए आवेदन करने पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पत्रकारिता संस्थान से जुड़े शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी, डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. अभिषेक कुमार, उमेश शुक्ला, अतीत विजय और देवेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने प्रो. गोविन्द जी पाण्डेय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनका लंबा अकादमिक, मीडिया और प्रशासनिक अनुभव आगे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के निर्वहन में उपयोगी सिद्ध होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments