HomeCrimeलंदन से महंगे गिफ्ट का झांसा देकर भिवंडी की महिला से ₹22.40...

लंदन से महंगे गिफ्ट का झांसा देकर भिवंडी की महिला से ₹22.40 लाख की ठगी

ठाणे। लंदन से महंगे कपड़े, गहने और अन्य उपहार भेजने का झांसा देकर भिवंडी की 26 वर्षीय गृहिणी से साइबर ठगों ने कथित तौर पर ₹22.40 लाख की ठगी कर ली। आरोपियों ने पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया और बाद में कस्टम अधिकारी बनकर पार्सल छुड़ाने के नाम पर बार-बार रकम जमा कराई। निजामपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भांडेर मोहल्ला निवासी जुल्फाना इमरान मुल्ला (26) ने शिकायत में बताया कि उनके साथ 8 से 16 अप्रैल 2026 के बीच धोखाधड़ी हुई। शिकायतकर्ता के पति इमरान मुल्ला का फेसबुक पर फराज राजपूत नाम के व्यक्ति से संपर्क हुआ था। आरोपी ने पाकिस्तानी मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर संपर्क कर शादी की सालगिरह पर लंदन से महंगे उपहार भेजने का दावा किया। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए महिला से संपर्क किया और कहा कि पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गया है। इसे छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी और अन्य शुल्क जमा करने होंगे। महिला ने शुरुआत में ₹12 हजार दिए, लेकिन इसके बाद अलग-अलग शुल्क और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर लगातार पैसे मांगे गए। एफआईआर के अनुसार, महिला ने 9 से 16 अप्रैल के बीच ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम डिपॉजिट के जरिए अलग-अलग खातों में कुल ₹22,40,997 जमा कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने फोन और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद परिवार को ठगी का पता चला और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। निजामपुरा पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक समाधान सुरेश पाटिल कर रहे हैं। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments