
मुंबई। सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से मुंबई शहर जिले में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों को राजस्व विभाग से जुड़े प्रमाणपत्रों से लेकर आधार, राशन कार्ड, दिव्यांग और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं सहित कुल 29 सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।मुंबई शहर के अपर जिलाधिकारी बप्पासाहेब थोरात ने बताया कि राजस्व विभाग को अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी और गतिशील बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से 22 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक मुंबई शहर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 178-धारावी विधानसभा क्षेत्र के भारतरत्न राजीव गांधी जिला क्रीड़ा संकुल में समाधान शिविर आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी थोरात ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को ‘एक ही छत के नीचे’ उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी किए जाने वाले विभिन्न राजस्व प्रमाणपत्र, बृहन्मुंबई महानगरपालिका की सेवाएं, आधार संबंधी सेवाएं, दिव्यांग नागरिकों से जुड़ी सेवाएं, संजय गांधी निराधार योजना और राशन कार्ड से संबंधित सेवाओं समेत कुल 29 सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए 19 अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं। धारावी की विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड ने कहा कि धारावी के मेहनतकश और आम नागरिकों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाने में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा। शिविर के दौरान अपर जिलाधिकारी बप्पासाहेब थोरात और विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड के हाथों 109 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुंबई शहर के उपजिलाधिकारी अजित नैराळे, जिला नियोजन अधिकारी संजयकुमार शिंदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज चव्हाण ने किया, जबकि निवासी उपजिलाधिकारी शिवनंदा लंगडापुरे ने आभार व्यक्त किया।





