महापौर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल पहुंचकर लिया जायजा, जांच के आदेश

मुंबई। चेंबूर के डायमंड गार्डन क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में स्कूल बस पर विशाल पीपल का पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने तत्काल घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा घायलों का हालचाल जाना। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:58 बजे चेंबूर स्थित डायमंड गार्डन के पास सड़क किनारे खड़ा पुराना और विशाल पीपल का पेड़ अचानक उखड़कर यूनिवर्सल हाई स्कूल की चलती बस (एमएच-03/सीवी-7439) पर गिर गया। उस समय बस में छात्र स्कूल से घर लौट रहे थे। हादसे के तुरंत बाद चालक, परिचालक, स्थानीय नागरिकों, मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस और बीएमसी अधिकारियों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में सवार 13 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल पांच छात्रों को तत्काल झेन अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है। घायलों में से एक छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों के मुताबिक, शेष चारों घायल छात्रों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। महापौर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल पर राहत कार्य का जायजा लेने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मृतक छात्र के परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। महापौर ने इस पूरे मामले की गहन जांच के आदेश देते हुए कहा कि संबंधित सड़क पर मानसून पूर्व पेड़ों की छंटाई किए जाने की जानकारी अधिकारियों ने दी है। इसके बावजूद हाल ही में वहां सड़क के कंक्रीटीकरण का कार्य हुआ था और स्थानीय नागरिकों की ओर से कोई शिकायत मिली थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर विधायक तुकाराम काते, उपमहापौर संजय घाड़ी, अतिरिक्त नगर आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे, संबंधित बीएमसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।




