Monday, May 18, 2026
Google search engine
HomeCrimeनागपुर में खूनी गैंगवार से दहशत: आरएसएस मुख्यालय से 1 किलोमीटर दूर...

नागपुर में खूनी गैंगवार से दहशत: आरएसएस मुख्यालय से 1 किलोमीटर दूर चली गोलियां, 6 गिरफ्तार

इंद्र यादव/नागपुर। महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शहर के संवेदनशील कोठी रोड इलाके में देर रात दो गुटों के बीच खूनी गैंगवार हो गया। वर्चस्व और पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और बदमाशों ने बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल फैल गया। खास बात यह है कि घटना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, घटना 17 मई की रात करीब 11:30 बजे की है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलाके में दबदबा कायम करने की लड़ाई, पुरानी आपसी दुश्मनी और एक प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए थे। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने सरेआम दो राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही नागपुर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले के 2 मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इनमें से कई आरोपी पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत ड्रग्स और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments