HomeMaharashtraभुलेश्वर के ‘राजा’ की मूर्ति हादसे में नया खुलासा, नट-बोल्ट के साथ...

भुलेश्वर के ‘राजा’ की मूर्ति हादसे में नया खुलासा, नट-बोल्ट के साथ मुख्य वेल्डिंग भी टूटी

मुंबई। मुंबई में गणेशोत्सव तैयारियां जोरों पर चल रही उसी बीच दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर में शनिवार रात हुए भीषण हादसे ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान प्रतिमा अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच में अब एक अहम जानकारी सामने आई है।
क्रेन के नट-बोल्ट ही नहीं, मुख्य वेल्डिंग भी टूटी
प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि गणेश प्रतिमा का भार संभालने वाली क्रेन के नट-बोल्ट टूटने के कारण हादसा हुआ। हालांकि, अब पुलिस की जांच में पता चला है कि क्रेन और सपोर्ट सिस्टम के बीच की मुख्य वेल्डिंग भी अचानक टूट गई थी। इसके बाद नट-बोल्ट पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और वे भी टूट गए होंगे, ऐसा प्राथमिक अनुमान लगाया जा रहा है। अधिक ऊंचाई वाली गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन के दौरान प्रतिमा को सुरक्षित रखने के लिए लोहे के सपोर्ट और वेल्डिंग का इस्तेमाल किया जाता है। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा के लिए भी क्रेन के जोड़ वाले हिस्से में वेल्डिंग की गई थी। वेल्डिंग टूटने के बाद प्रतिमा का संतुलन बिगड़ा और करीब 22 से 27 फीट ऊंची प्रतिमा नीचे गिर गई।
मंडप से महज 50-60 मीटर पहले हुआ हादसा
‘भुलेश्वरचा राजा’ की गणेश प्रतिमा भायखला से भुलेश्वर की ओर लाई जा रही थी। मंडल का पंडाल महज 50 से 60 मीटर दूर रह गया था, तभी अचानक प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं पर गिर गई। हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो बच्चियों समेत पांच लोग घायल
हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 और 7 वर्ष की दो बच्चियां भी शामिल हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। इस हादसे में मंडल के अध्यक्ष संकेत नेवशे की मौत होने से गणेश मंडल के कार्यकर्ताओं में भी शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अब हादसे के पीछे की वास्तविक वजह, क्रेन और सपोर्ट सिस्टम की तकनीकी स्थिति तथा सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। वेल्डिंग में खामी कैसे हुई और प्रतिमा को ले जाने से पहले सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई थी या नहीं, यह जांच का अहम हिस्सा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments