उत्तन नाका स्थित ‘सागर दर्शन’ इमारत का ध्वस्तीकरण, नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता

मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगर पालिका ने शहर में खतरनाक घोषित इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उत्तन नाका स्थित ‘सागर दर्शन’ इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा (आईएएस) की उपस्थिति में प्रभाग समिति क्रमांक-1 के अंतर्गत प्रारंभ की गई। महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि शहर में जर्जर और खतरनाक इमारतों से नागरिकों के जान-माल को खतरा न हो तथा सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त राधाबिनोद ए.शर्मा के निर्देश तथा उपायुक्त (अतिक्रमण) स्वप्नील सावंत के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों ने सुनियोजित तरीके से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए। क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात, मानवबल और मशीनरी की समुचित व्यवस्था की गई। महानगरपालिका नियमित रूप से शहर की जर्जर इमारतों का निरीक्षण कर रही है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर अत्यंत खतरनाक घोषित इमारतों के विरुद्ध चरणबद्ध तरीके से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने खतरनाक इमारतों में रहने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे महानगरपालिका के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा के मद्देनज़र आवश्यक सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त (अतिक्रमण) स्वप्नील सावंत, अतिक्रमण विभाग प्रमुख नरेंद्र चव्हाण, प्रभाग समिति क्रमांक-1 की सहायक आयुक्त दीपाली पवार सहित महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

