
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। शुक्लागंज में विस्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की पुनर्स्थापना को लेकर आयोजित संकल्प सभा में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्थानीय गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बाबा साहब का सम्मान समाज के प्रत्येक वर्ग का सम्मान है और उनकी प्रतिमा की पुनर्स्थापना जनभावनाओं के अनुरूप कराई जाएगी। अपने संबोधन में विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को समानता, न्याय और संविधान का मार्ग दिखाया। उनकी प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान, स्वाभिमान और संविधान के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा की पुनर्स्थापना समाज की भावनाओं से जुड़ा विषय है और इसे सभी वर्गों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पूरा कराया जाएगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि समाज की एकता, संविधान के मूल्यों की रक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. बलराम, पूर्व बीडीसी हुन्नू प्रसाद, धर्मेंद्र सोनकर, राकेश रावत, सुनील सोनवानी, मुकेश भारती, विजय रावत, रज्जन कोटेदार, अनिल सिंह कुरील, प्रदीप कोविंद, योगेश कुमार, विनोद रावत (ररू), राजकुमारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

