
मुंबई:(Mumbai) उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में अचानक औरंगजेब की इतनी औलाद कहां से पैदा हो गई। हमें यह पता लगाना होगा कि इसके पीछे कौन है। फडणवीस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि कोल्हापुर में स्थिति अब नियंत्रण में है। देवेंद्र फडणवीस ने अपील की है कि सभी लोग इस बात का ध्यान रखें कि कानून व्यवस्था नहीं बिगडऩे पाए। कोई भी कानून हाथ में न लें। यह छत्रपति शिवाजी महाराज का महाराष्ट्र है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र जैसे राज्य में कानून को अपने हाथ में लेने से न केवल कानून व्यवस्था की समस्या पैदा होती है, बल्कि एक औद्योगिक राज्य के रूप में इसकी प्रतिष्ठा भी धूमिल होती है। देवेंद्र फडणवीस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई कानून हाथ में लेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। महाराष्ट्र में अगर कोई औरंगजेब की तारीफ करता है तो लोगों को गुस्सा आना स्वाभाविक है।
दरअसल, मंगलवार को कोल्हापुर में औरंगजेब का स्टेटस सोशल मीडिया पर डालने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। आज सुबह भी सोशल मीडिया पर औरंगजेब के स्टेटस का विरोध किया गया। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई थी और कई जगह पथराव और वाहनों की तोडफ़ोड़ की गई। हालांकि, पुलिस ने तत्काल स्थिति पर काबू पा लिया। खबर लिखे जाने तक कोल्हापुर में तनावपूर्ण शांति है।