
मीरा भाईंदर। मीरा भाईंदर महानगर पालिका ने शहर के नागरिकों से समय पर और पूर्ण रूप से संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा करने की अपील की है। महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि शहर के समग्र विकास के लिए कर वसूली अत्यंत महत्वपूर्ण है। मनपा प्रशासन के अनुसार, शहर में बुनियादी सुविधाएं जैसे स्वच्छता, जल आपूर्ति, सड़कें, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने के लिए संपत्ति कर मुख्य राजस्व स्रोत है। इसलिए नागरिकों को जिम्मेदार भूमिका निभाते हुए समय पर कर भुगतान कर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। कर भुगतान प्रक्रिया को सरल और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसे नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। डिजिटल माध्यमों के जरिए कर भुगतान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इससे समय की बचत के साथ पारदर्शिता और सुविधा में भी वृद्धि हुई है। महानगरपालिका ने यह भी चेतावनी दी है कि बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार नोटिस जारी करने, संपत्ति जब्ती और पानी कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचने के लिए जल्द से जल्द कर जमा करें। मनपा द्वारा 23 मार्च 2026 की मध्यरात्रि तक कुल 243.40 करोड़ रुपए की कर वसूली की गई है। इसमें 1,59,464 संपत्ति धारकों ने ऑनलाइन माध्यम से 128.91 करोड़ रुपए का भुगतान किया, जबकि 1,44,768 धारकों ने ऑफलाइन (नकद और चेक) के जरिए 114.48 करोड़ रुपए जमा किए। प्रभागवार वसूली के अनुसार, प्रभाग 01 में 27.29 करोड़ रुपए, प्रभाग 02 में 9.36 करोड़ रुपए, प्रभाग 03 में 26.40 करोड़ रुपए, प्रभाग 04 में 89.72 करोड़ रुपए, प्रभाग 05 में 20.38 करोड़ रुपए और प्रभाग 06 में 62.99 करोड़ रुपए की वसूली दर्ज की गई है। महानगरपालिका ने नागरिकों से 31 मार्च 2026 से पहले संपत्ति कर भरकर शहर के विकास में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया है।




