
परभणी। परभणी जिले के जिंतूर तहसील के आडगाव तांडा में बंजारा समाज ने होली का पर्व पारंपरिक तरीके से बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। रंगों के इस पर्व में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इस विशेष अवसर पर महाराष्ट्र की महिला एवं बाल कल्याण राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर भी शामिल हुईं। समाज की महिलाओं के आग्रह पर उन्होंने पारंपरिक परिधान धारण कर नृत्य में भाग लिया और होली के रंगों में रंग गईं। बंजारा समाज ने अपने विशिष्ट लेंगी गीतों और पारंपरिक नृत्य के साथ रंगोत्सव का आनंद लिया। इस दौरान राज्यमंत्री साकोरे-बोर्डीकर ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और एकता के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस सांस्कृतिक उत्सव में नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे होली का आनंद दोगुना हो गया।