
मुंबई। आगामी गणेश आगमन और गणेश प्रतिमा विसर्जन के मद्देनज़र मुंबई महानगर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने मुख्यालय में सड़क एवं यातायात विभाग के अभियंताओं की महत्वपूर्ण बैठक लेकर शहर की सड़कों पर मौजूद गड्ढों तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों (बैड पैच) की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।बैठक में अभिजीत बांगर ने कहा कि गणेशोत्सव शुरू होने से पहले मुंबई की सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग अधिक सतर्कता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि उत्सव के दौरान नागरिकों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, जिससे गणेशोत्सव के दौरान यातायात सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध बना रहे। उन्होंने सड़क एवं यातायात विभाग के कनिष्ठ अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों की प्रतिदिन स्थल पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जहां भी गड्ढे दिखाई दें, उन्हें तत्काल मास्टिक तकनीक से भरा जाए। नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही सहायक अभियंता, कार्यकारी अभियंता और उप मुख्य अभियंता भी नियमित रूप से मौके पर जाकर निरीक्षण करें तथा जहां गड्ढे बनने की संभावना हो, वहां पहले से ही आवश्यक मरम्मत कराई जाए। अभिजीत बांगर ने दो टूक कहा कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में उपायुक्त (बुनियादी ढांचा) गिरीश निकम, प्रमुख अभियंता (सड़क एवं यातायात विभाग) मांतय्या स्वामी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

