Homeउत्तर प्रदेश80वें स्वतंत्रता दिवस पर भव्य समारोह: राज्यमंत्री जे.पी.एस. राठौर ने फहराया तिरंगा

80वें स्वतंत्रता दिवस पर भव्य समारोह: राज्यमंत्री जे.पी.एस. राठौर ने फहराया तिरंगा

हेरिटेज वॉक राइडर्स रैली को दिखाई हरी झंडी, खिलाड़ियों, छात्राओं, स्टार्टअप संचालकों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का हुआ सम्मान

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर रहे। उन्होंने सभागार परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी, राष्ट्रगान में सहभागिता की और पर्यटन विभाग की हेरिटेज वॉक बुंदेलखंड राइडर्स रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कार्यक्रम में झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रमा निरंजन, डॉ. बाबूलाल तिवारी, रामतीर्थ सिंघल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप पटेल, सहकारी बैंक अध्यक्ष जयदेव पुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ, पौधा और बुंदेलखंडी पटका पहनाकर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि 6 अगस्त से जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्राएं, विभिन्न प्रतियोगिताएं, सरस मेले और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि गायत्री स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लाखों तिरंगे तैयार कर उनका वितरण किया।अपने संबोधन में राज्यमंत्री जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि भारत की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए और देशविरोधी ताकतों के बहकावे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत एक दिन विश्वगुरु बनेगा।सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि देश की आर्थिक और सामाजिक स्वाधीनता को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में योगदान देने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।समारोह के दौरान विवेकानंद इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, जय अकादमी स्कूल और आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।इस अवसर पर गायत्री स्वयं सहायता समूह की प्रतिभा डोंगरे को पांच लाख तिरंगे तैयार करने और “झांसी लोगो” बनाने के लिए विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और 10 स्टार्टअप संचालकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन वरिष्ठ समाजसेविका एवं शिक्षाविद् डॉ. नीति शास्त्री ने किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति सहित प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments