
पुणे। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड शहर में एक गोदाम में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां रवाना की गई। 40 फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस घटना में दो सगे भाईयों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड शहर के वाल्हेकरवाडी इलाके में आधी रात के बाद करीब ढाई बजे गोदाम में आग लगी। हादसे में ललित अर्जुन चौधरी और कमलेश अर्जुन चौधरी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जब आग लगी तो दोनों भाई सो रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि आग देर रात करीब 2.25 बजे लगी। कमलेश और उसका छोटा भाई ललित जब आग लगी तो जय मल्हार कॉलोनी के गोदाम में एल्युमीनियम फ्रेम स्टोर करके सो रहे थे। पिंपरी चिंचवड़ फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने कहा कि दो गोदाम में आग लगी। एक गोदाम में लकड़ी का सामान था और दूसरे में एल्युमीनियम फ्रेम थे। दोनों गोदाम आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग लगने के बाद दोनों भाई धुएं और दम घुटने के कारण बेहोश हो गए और बाद में उनकी जलकर मौत हो गई।