HomeMaharashtraकुर्ला भूस्खलन हादसा: मृतकों के परिजनों को 4 लाख, घायलों को 50...

कुर्ला भूस्खलन हादसा: मृतकों के परिजनों को 4 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता

मुंबई। मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) स्थित अशोक नगर, टेकड़ी क्रमांक-3 में बुधवार तड़के हुए भूस्खलन में जान-माल का नुकसान हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई की महापौर श्रीमती रितु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान पूरी तेजी और बेहतर समन्वय के साथ चलाया जाए। इस दौरान प्रभाग समिति अध्यक्ष विजयेंद्र शिंदे, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, एल विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त अनिल जाधव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महापौर रितु तावड़े ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता तथा प्रत्येक घायल को उपचार के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। प्रशासन के अनुसार, जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है वहां पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है, जहां एक समय में केवल एक व्यक्ति ही जा सकता है। इसके बावजूद बृहन्मुंबई महानगरपालिका, मुंबई अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और अन्य एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 6 शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने बताया कि बचाव कार्य जारी है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments