
इंद्र यादव/नागपुर। नागपुर में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में ठाणे निवासी 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने किशोरी को करीब तीन महीने तक मोबाइल फोन के जरिए मानसिक रूप से अपने नियंत्रण में रखा और लगातार धमकियां देकर उसे भय के माहौल में जीने के लिए मजबूर किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार किशोरी को वीडियो कॉल करता था और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखता था। वह दिनभर फोन कर पूछताछ करता कि वह कहां है, किससे बात कर रही है और क्या कर रही है। यदि किशोरी कॉल नहीं उठाती थी तो आरोपी उसे धमकाता था। आरोप है कि उसने निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को चुप रहने के लिए मजबूर किया। लगातार धमकियों और मानसिक दबाव के कारण किशोरी अपने परिवार को भी पूरी बात नहीं बता सकी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने मोबाइल फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से किशोरी पर ऐसा मानसिक नियंत्रण बना लिया था कि वह खुद को असहाय महसूस करने लगी। इसी कारण जांच में इस पूरे घटनाक्रम को ‘डिजिटल कैद’ (Digital Captivity) की संज्ञा दी गई है। पुलिस के मुताबिक, तीन महीने तक मानसिक प्रताड़ना देने के बाद आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही नागपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने किशोरी को किस प्रकार अपने प्रभाव और नियंत्रण में रखा। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। यदि कोई व्यक्ति लगातार धमकियां दे, वीडियो कॉल के जरिए मानसिक दबाव बनाए या ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

