
मुंबई। घाटकोपर (पूर्व) के तिलकमार्ग स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के नवनिर्मित अत्याधुनिक स्कूल परिसर का उद्घाटन रविवार को मुंबई की महापौर रितू तावड़े और स्थानीय विधायक पराग शाह की प्रमुख उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि महानगरपालिका स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक, तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बीएमसी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को इसरो जैसी संस्थाओं का भ्रमण कराने की योजना पर भी काम किया जा रहा है ताकि उनमें विज्ञान और नवाचार के प्रति रुचि विकसित हो। महापौर ने यह भी कहा कि बीएमसी स्कूलों के विद्यार्थियों को 27 प्रकार की शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है तथा विज्ञान और गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए ‘साइंस सोमवार’ और ‘गणित गुरुवार’ जैसे विशेष उपक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्वयं और बीएमसी की उप आयुक्त (शिक्षा) डॉ. प्राची जांभेकर के महानगरपालिका स्कूलों की पूर्व छात्रा होने का उल्लेख करते हुए कहा कि बीएमसी स्कूलों से पढ़े अनेक विद्यार्थी आज देश-विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में नगरसेविका राखी जाधव, अर्चना भालेराव, नगरसेवक धर्मेश गिरी, शिक्षा समिति सदस्य योजना ठोकले, उप आयुक्त (शिक्षा) डॉ. प्राची जांभेकर, शिक्षा अधिकारी सुजाता खरे, उप शिक्षा अधिकारी सायली सुर्वे, एन विभाग के सहायक आयुक्त जयदीप मोरे सहित विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विधायक पराग शाह ने स्कूल परिसर के विकास कार्यों के लिए अपनी ओर से 5 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए परिसर की स्वच्छता और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। डॉ. प्राची जांभेकर ने बताया कि पुराने एकमंजिला भवन के स्थान पर बने इस नए तल्ला-प्लस-छह मंजिला परिसर में वर्तमान में चार बीएमसी स्कूल संचालित हैं, जहां कुल 789 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। भवन में 38 कक्षाएं, 25 छोटे कक्ष, एक सभागार और 14 अन्य सुविधा कक्ष बनाए गए हैं। यहां हिंदी और मराठी माध्यम के चार स्कूल संचालित हैं तथा अंग्रेजी माध्यम की नई बालवाड़ी भी शुरू की जाएगी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, खगोलशास्त्र प्रयोगशाला, पुस्तकालय, मनोवैज्ञानिक थेरेपी लैब और वर्चुअल क्लासरूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बीएमसी का कहना है कि यह नया परिसर घाटकोपर, कामराज नगर, रमाबाई नगर, चेंबूर, विक्रोली, गारोडिया नगर, छेड़ा नगर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को एक ही छत के नीचे आधुनिक एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

