
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार नासिक जिले के मनमाड में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की स्मृतियों को संजोने और उनके विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए भव्य ‘भीमसृष्टि’ का निर्माण करेगी। सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने सोमवार को कहा कि सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर पूरी तरह सकारात्मक है और इसे तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। सोमवार को मनमाड में प्रस्तावित भीमसृष्टि परियोजना को लेकर मंत्री शिरसाट के सरकारी आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबले, सह सचिव सोमनाथ बागुल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद मंत्री शिरसाट ने कहा कि मनमाड की भूमि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पदस्पर्श से पवित्र हुई है और उनकी अनेक ऐतिहासिक स्मृतियां इस शहर से जुड़ी हुई हैं। इन्हीं स्मृतियों के संरक्षण तथा सामाजिक न्याय, समता और बंधुत्व के उनके विचारों को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार यहां भव्य भीमसृष्टि विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परियोजना में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की पूर्णाकृति प्रतिमा, प्रेरणा स्मारक, भगवान गौतम बुद्ध स्मारक, अत्याधुनिक विपश्यना केंद्र, सभागार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, पार्किंग तथा नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। बैठक में परियोजना के लिए आवश्यक भूमि, प्रशासनिक प्रक्रियाएं, वित्तीय प्रावधान और प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। संजय शिरसाट ने कहा कि मनमाड नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सरकारी विभागों के समन्वय से यह परियोजना साकार होने पर मनमाड डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों का प्रेरणा केंद्र बनेगा। साथ ही यह सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर राज्य में नई पहचान स्थापित करेगा।



