
मुंबई। राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियों में बड़ी संख्या में रिक्तियाँ भरने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार ने आयु सीमा पार कर चुके उम्मीदवारों को राहत दी है। गृह विभाग द्वारा जारी ताज़ा शुद्धिपत्र के अनुसार, अब वे सभी उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने वर्ष 2022 से 2025 के बीच अधिकतम आयु सीमा पार की है। राज्य पुलिस बल और जेल विभाग में कुल 15,631 पद रिक्त हैं। पहले केवल 2022 और 2023 में आयु सीमा पार करने वालों को छूट दी गई थी, लेकिन अब इसमें 2024 और 2025 भी शामिल कर लिए गए हैं। इस कदम से भर्ती पूल में हज़ारों और उम्मीदवार जुड़ सकेंगे। आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, यह भर्ती अभियान 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2025 तक उत्पन्न रिक्तियों को कवर करेगा। 1 सितम्बर 2025 को विशेष पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण और विशेष दल) द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर विचार करते हुए, सरकार ने यह निर्णय लिया। उद्देश्य है कि पुलिस और कारागार विभाग जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में जनशक्ति की कमी दूर की जा सके। सरकार को उम्मीद है कि इस कदम से अधिक से अधिक पात्र उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूती मिलेगी।




