Monday, February 23, 2026
Google search engine
HomeCrimeअमरोहा में पूर्व सांसद दानिश अली को लगातार दूसरे दिन फेसबुक पर...

अमरोहा में पूर्व सांसद दानिश अली को लगातार दूसरे दिन फेसबुक पर धमकी, साइबर सेल कर रही जांच

अमरोहा, उत्तर प्रदेश। कांग्रेस नेता सचिन चौधरी और पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली के बीच शुरू हुई तकरार अब सोशल मीडिया पर भी तूल पकड़ती जा रही है। दोनों नेताओं के समर्थक एक-दूसरे पर फेसबुक के माध्यम से जुबानी हमले कर रहे हैं। इसी बीच, पूर्व सांसद दानिश अली को लगातार दूसरे दिन फेसबुक पर धमकी मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। बृहस्पतिवार को कुलदीप पोसवाल नामक व्यक्ति ने अपनी फेसबुक आईडी से दानिश अली को धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें उन्हें रमेश विधूड़ी का हवाला देते हुए अमरोहा न आने की नसीहत दी गई। संदेश में लिखा गया कि “आप हमारे समाज के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं, इसे बंद करें, वरना जो हाल रमेश विधूड़ी ने किया था, उससे भी बुरा हाल हमारा समाज करेगा। धमकी में यह भी कहा गया कि “अमरोहा में एंट्री नहीं होने दी जाएगी, नहीं माने तो दाल-आटे के भाव का पता चल जाएगा। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव शमीम अय्यूब ने बताया कि यह लगातार दूसरा दिन है जब पूर्व सांसद को धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी दिल्ली निवासी अभिषेक पांडे नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर दानिश अली को धमकी दी थी। अब एक दिन बाद कुलदीप पोसवाल नाम की आईडी से फिर धमकी मिलने पर उन्होंने अमरोहा पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। अय्यूब ने कहा कि यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया पर तकरार का नहीं, बल्कि नेताओं के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को खतरनाक दिशा में ले जाने की कोशिश है। पुलिस को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। इस पूरे घटनाक्रम पर पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। वहीं, अमरोहा के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि दोनों धमकी वाले मामलों की जांच साइबर सेल टीम को सौंपी गई है। जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेता सचिन चौधरी और पूर्व सांसद दानिश अली के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे दोनों नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने आ गए हैं। फेसबुक पर जारी यह जुबानी जंग अब पुलिस जांच के दायरे में पहुंच गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments