
महिला को घर बुलाकर उतारा मौत के घाट, शव प्लास्टिक के कंटेनर में बंद कर खेत में दफनाया
अर्थवीडु (मार्कपुरम)। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अधिक ब्याज और रकम दोगुनी करने के लालच में करीब 50 लाख रुपये निवेश करने वाली 32 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसकी ही करीबी महिला रिश्तेदार ने हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को प्लास्टिक के कंटेनर में बंद कर खेत में दफना दिया गया, जबकि मृतका का मोबाइल फोन तालाब में फेंक दिया गया। करीब दो महीने पुराने इस मामले का खुलासा पुलिस जांच और पूछताछ के बाद हुआ है। अर्थवीडु मंडल के वीरभद्रपुरम की रहने वाली एक महिला ने पेद्दारवीडु मंडल के प्रगल्लापाडु गांव निवासी मुदामंचु आदिलक्ष्मी (32) को अधिक ब्याज और रकम बढ़ाकर देने का कथित लालच दिया था। शुरुआत में आदिलक्ष्मी ने एक लाख रुपये दिए और बदले में उन्हें दोगुनी रकम मिली। इससे उनका भरोसा बढ़ गया और उन्होंने अपनी बचत के साथ गहने बेचकर मिली रकम भी निवेश कर दी। बताया जा रहा है कि पति की चेतावनी के बावजूद उन्होंने बाहर से भी पैसे उधार लिए और धीरे-धीरे करीब 50 लाख रुपये अपनी रिश्तेदार को सौंप दिए। आरोप है कि बड़ी रकम हाथ में आने के बाद महिला रिश्तेदार ने पैसे लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी और आदिलक्ष्मी से बातचीत करने से भी बचने लगी। जब आदिलक्ष्मी ने अपनी रकम वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। जून में पैसे लौटाने का भरोसा देकर आदिलक्ष्मी को अपने घर बुलाया गया। आरोप है कि वहां उन्हें पहले बेहोश किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के एक बड़े कंटेनर में बंद किया गया और गांव के पास एर्राकोंडा क्षेत्र के एक खेत में दफना दिया गया। पुलिस से बचने और जांच को भटकाने के उद्देश्य से आदिलक्ष्मी का मोबाइल फोन भी पास के एक तालाब में फेंक दिया गया। आदिलक्ष्मी के अचानक लापता होने के बाद उनके पति बालकुरवैया ने 24 जून को पेद्दारवीडु पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने 21 जुलाई को मामला दर्ज कर जांच तेज की। जांच के दौरान मोबाइल से जुड़े सुराग वीरभद्रपुरम तक पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित महिला रिश्तेदार और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला कथित तौर पर घटना से इनकार करती रही, लेकिन गहन पूछताछ में हत्या का राज खुल गया। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर गुरुवार को पुलिस ने जांच की, जहां शव दफनाए जाने से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई। पुलिस अब इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि कथित तौर पर दो अन्य लोग भी इसी तरह अधिक लाभ के झांसे में आकर करीब 60 लाख रुपये गंवा चुके हैं। ऐसे में पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछे केवल आर्थिक ठगी और हत्या का मामला है या कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था।

