
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। वन महोत्सव सप्ताह के पावन अवसर पर आज बाँगरमऊ रेंज द्वारा ब्योली इस्लामाबाद पौधशाला में एक भव्य पर्यावरण गोष्ठी एवं ‘वृक्ष भंडारे’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ ग्रामीणों को पौध वितरित कर उन्हें रोपने और संरक्षित करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी के दौरान उपस्थित वक्ताओं और विशेषज्ञों ने वर्तमान में गहराते पर्यावरण संकट, जैविक कृषि को बढ़ावा देने, वृक्षों के बहुमूल्य महत्व और जल संरक्षण की महत्ता जैसे अत्यंत संवेदनशील एवं आवश्यक विषयों पर गहन चर्चा की।गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। लगातार असंतुलित हो रहे पर्यावरण को बचाने के लिए एकमात्र रास्ता सघन वृक्षारोपण ही है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे इस वर्षा ऋतु में बढ़-चढ़कर पौधरोपण करें और धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें। पर्यावरण गोष्ठी के समापन के उपरांत पौधशाला परिसर में विधिवत वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही एक अनोखी पहल के तहत ‘वृक्ष भंडारे’ का आयोजन किया गया। इस भंडारे के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों एवं प्रकृति प्रेमियों को विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार और औषधीय पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।पौधे प्राप्त करने के बाद सभी ग्रामीणों ने न केवल उन्हें रोपने, बल्कि उनके पूर्ण रूप से विकसित होने तक उनकी देखभाल और सुरक्षा करने का सामूहिक संकल्प (प्रण) लिया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने वन विभाग की इस पहल की सराहना की।

