HomeMaharashtraमहा वॉकेथॉन से जल संरक्षण को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप: मंत्री संजय...

महा वॉकेथॉन से जल संरक्षण को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप: मंत्री संजय राठौड़

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधाकरराव नाईक की जयंती को जल संरक्षण दिवस के रूप में मनाते हुए राज्यभर में आयोजित ‘महा वॉकेथॉन – वॉक फॉर वॉटर’ अभियान को जनता का जबरदस्त प्रतिसाद मिला। मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री संजय राठौड़ ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से मिट्टी और पानी के महत्व को जन-जन तक पहुंचाते हुए जलसमृद्ध महाराष्ट्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को मुंबई के वर्ली स्थित सागर पॉइंट पर आयोजित राज्यस्तरीय महा वॉकेथॉन कार्यक्रम में मंत्री राठौड़ ने कहा कि ‘मिट्टी बचाओ, पानी बचाओ और सुरक्षित महाराष्ट्र बनाओ’ के संदेश के साथ आयोजित इस अभियान में राज्य के सभी 36 जिलों से 3 लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय लोगों के बीच जाकर जनजागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया, ताकि समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। राठौड़ ने कहा कि मिट्टी और पानी राज्य के भविष्य से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण संसाधन हैं और इनके संरक्षण के लिए सरकार के प्रयासों के साथ जनसहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्टार्टअप, नवाचार और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सुधाकरराव नाईक के ‘पानी अडवा, पानी जिरवा’ अभियान को याद करते हुए कहा कि उनके विचारों को जनआंदोलन का स्वरूप देना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर ने कहा कि महा वॉकेथॉन जल संरक्षण को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने वाला अभिनव उपक्रम है। उन्होंने कहा कि पानी किसी जाति या धर्म का विषय नहीं बल्कि सभी की आवश्यकता है और राज्य के सभी जिलों में इस अभियान को मिला व्यापक समर्थन भविष्य में जल संरक्षण की मजबूत जनचेतना का आधार बनेगा। मृदा एवं जल संरक्षण राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक ने कहा कि वर्षा का पानी बहने के साथ उपजाऊ मिट्टी भी नष्ट होती है, इसलिए जल और मृदा संरक्षण के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल और उपजाऊ भूमि सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रत्येक नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। राज्यस्तरीय महा वॉकेथॉन की शुरुआत आरे दुग्ध वसाहत के निकट प्रोमेनेड से हुई। इस अवसर पर स्वर्गीय सुधाकरराव नाईक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा तुलसी के पौधे का पूजन कर जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर वॉकेथॉन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अभिनेता पुष्कर श्रोत्री, क्रिकेटर इरफान पठान, जैकी भगनानी, रजनीश दुग्गल, संगीतकार संजीव-श्रवण, अनिल सिंह, जहीर शेख, जलसंपदा विभाग के प्रधान सचिव एकनाथ डवले, ग्राम विकास विभाग के सचिव श्रीकांत पुलकुंडवार, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल जगत की हस्तियां मौजूद थीं। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस महा वॉकेथॉन में मंत्री संजय राठौड़, उपसभापति सचिन अहिर, राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक, विभागीय सचिव जितेंद्र पापळकर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभागियों के साथ पैदल चलकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के माध्यम से पूरे महाराष्ट्र में “पानी बचाओ, मिट्टी बचाओ” का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments