
मुंबई। महाराष्ट्र में रविवार सुबह रिक्टर पैमाने पर 3.2 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि, भूकंप के झटके कहीं भी महसूस नहीं किए गए और न ही किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के कारण सुनामी का कोई खतरा नहीं है और नागरिक किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। विभाग के अनुसार सुबह 9 बजकर 33 मिनट पर भूकंप दर्ज किया गया। इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इन्फॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) ने भी सुनामी को लेकर कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि समुद्र से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में भारतीय तटरक्षक बल के हेल्पलाइन नंबर 1554, तटीय सुरक्षा हेल्पलाइन 1093 अथवा राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष 1070 पर तत्काल संपर्क करें।

