
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जनपद में छात्र-छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और विद्यालयी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेस में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जांच की तथा स्वयं भोजन कर उसकी गुणवत्ता का भी परीक्षण किया। इसके बाद कक्षाओं का निरीक्षण कर शैक्षणिक वातावरण का अवलोकन किया। डीएम और एसएसपी ने विद्यालय के शिक्षकों से संवाद कर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, सुरक्षा और उनकी सकुशलता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सफीपुर दीपक यादव, उपजिलाधिकारी बांगरमऊ बृजमोहन शुक्ला, उपजिलाधिकारी सफीपुर फाल्गुनी सहित विद्यालय के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को सुचारु रखने और विद्यार्थियों के हितों का विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।

