
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के बाद परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री प्रदेश के सभी 72 जनपदों से सुरक्षित रूप से बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी स्थित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम में पहुंचाई गई।गोपनीय सामग्री लेकर आने वाला पहला वाहन 31 मई की रात्रि लगभग 8:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित कंट्रोल रूम पहुंचा। इसके बाद देर रात से लेकर अगले दिन तक विभिन्न जनपदों से परीक्षा सामग्री लेकर वाहन लगातार विश्वविद्यालय पहुंचते रहे। यह प्रक्रिया तब तक जारी रही, जब तक सभी 72 जनपदों की गोपनीय सामग्री सुरक्षित रूप से विश्वविद्यालय में जमा नहीं हो गई।सभी जनपदों से गोपनीय सामग्री उत्तर प्रदेश पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रकों एवं अन्य वाहनों के माध्यम से विश्वविद्यालय लाई गई। कंट्रोल रूम में तैनात विशेष टीम ने सामग्री को वाहनों से उतारकर निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर रखा तथा उसकी सतत निगरानी सुनिश्चित की।इस दौरान बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने स्वयं कंट्रोल रूम पहुंचकर गोपनीय सामग्री लेकर आने वाले वाहनों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष बल दिया।प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तैनात विश्वविद्यालय प्रतिनिधि भी अपने-अपने जिलों की परीक्षा सामग्री लेकर झांसी पहुंचे। वहीं कंट्रोल रूम में मौजूद अंतिम टीम के सदस्यों ने गोपनीय सामग्री के सुरक्षित भंडारण, निगरानी और संरक्षण की जिम्मेदारी संभाली। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया गया।बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय ने आधुनिक तकनीक, सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की गोपनीय सामग्री के संग्रहण एवं संरक्षण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



