
मुंबई। मध्य रेल ने मानसून के दौरान रेलवे ट्रैक पर जलभराव रोकने और वर्षा जल के सुचारू निकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भांडुप स्टेशन के निकट पुल संख्या 27/1 पर स्थित उषा नगर पुलिया से मलबा और कीचड़ निकालने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस कार्य के लिए अत्याधुनिक रिमोट-कंट्रोल्ड स्विंग लोडर मशीन का उपयोग किया गया, जिससे सफाई कार्य अधिक सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। यह कॉम्पैक्ट मशीन विशेष रूप से रेलवे पुलियों की सफाई के लिए उपयुक्त है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ऑपरेटर पुलिया के बाहर सुरक्षित स्थान पर रहकर लगभग 80 मीटर की दूरी से मशीन का संचालन कर सकता है। इससे श्रमिकों का कीचड़ और मलबे के सीधे संपर्क से बचाव होता है तथा संकरे और जोखिमपूर्ण स्थानों में काम करने से जुड़े खतरे भी काफी कम हो जाते हैं। रिमोट-कंट्रोल्ड स्विंग लोडर मशीन मिट्टी, पत्थर, लकड़ी और पानी में तैरने वाली अन्य सामग्रियों सहित भारी मात्रा में जमा मलबे को हटाने में सक्षम है। इस तकनीक के उपयोग से श्रमिकों की सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और पुलिया सफाई कार्य की गति एवं दक्षता भी बढ़ी है। उषा नगर पुलिया में 2.5 मीटर × 3.0 मीटर आकार के कुल चार खांचे हैं। इनकी सफाई का कार्य वर्ष 2024 के मानसून से पहले शुरू किया गया था। वर्ष 2025 के मानसून से पहले तीन खांचों की सफाई पूरी कर ली गई थी, जबकि शेष एक खांचे से मलबा हटाने का कार्य अब सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। मध्य रेल ने यह कार्य बृहन्मुंबई महानगरपालिका (एमसीजीएम) के सहयोग से किया है। यह पहल रेलवे की व्यापक मानसून तैयारी योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारी बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और रेल सेवाओं का सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना है।



