HomeLifestyleTravelपेट्रोल भरवाते ही बंद हुई कार और बाइक, पेट्रोल में पानी की...

पेट्रोल भरवाते ही बंद हुई कार और बाइक, पेट्रोल में पानी की मिलावट का आरोप

उन्नाव के अकरमपुर स्थित चतुर्भुज पेट्रोल पंप का मामला, सप्लाई इंस्पेक्टर बोले—सैंपल की जांच के बाद होगी कार्रवाई

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। अकरमपुर स्थित चतुर्भुज पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद एक कार और मोटरसाइकिल के बंद होने का मामला सामने आया है। कार मालिक ने पेट्रोल में पानी की मिलावट होने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पेट्रोल की गुणवत्ता में किसी तरह की खराबी से इनकार किया है। पीड़ित नितिन ने बताया कि उन्होंने दोपहर करीब दो बजे अपनी सिलेरियो कार (UP35 BK 7968) में चतुर्भुज पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था। इसके बाद वह दवा लेने शुक्लागंज जा रहे थे। जाजमऊ पुल के पास पहुंचते ही उनकी कार बार-बार बंद होने लगी। पहले उन्हें लगा कि शायद पेट्रोल कम होने के कारण कार में समस्या आ रही है। लगातार कार बंद होने पर वह उसे लेकर हुसैन नगर मोड़ स्थित मारुति सुजुकी शोरूम पहुंचे। नितिन के अनुसार, वहां मैकेनिक ने कार की जांच की तो पेट्रोल में पानी मिला होने की बात सामने आई। इसके बाद नितिन शिकायत लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे। पंप कर्मचारियों ने पेट्रोल में किसी तरह की खराबी या मिलावट से इनकार करते हुए कहा कि पंप से गुणवत्तापूर्ण पेट्रोल की ही आपूर्ति की जाती है। इसी दौरान पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर निकले एक मोटरसाइकिल सवार की बाइक भी बंद हो गई। कार मालिक का दावा है कि बाइक में मौजूद पेट्रोल की जांच करने पर उसमें भी पानी मिला पाया गया। एक ही पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद दो वाहनों के बंद होने की घटना से पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर सप्लाई इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पेट्रोल का सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों ने प्रशासन से पेट्रोल के नमूने की निष्पक्ष जांच कराने और यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments