Homeठाणेघोड़बंदर रोड पर मेट्रो निर्माण के गड्ढे में धंसा 26 टन माल...

घोड़बंदर रोड पर मेट्रो निर्माण के गड्ढे में धंसा 26 टन माल से लदा कंटेनर, बड़ा हादसा टला

दोस्ती इम्पीरिया के सामने हुई घटना, चितलसर पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे; हादसे में कोई घायल नहीं

इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे के घोड़बंदर रोड पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दोस्ती इम्पीरिया के सामने मेट्रो निर्माण कार्य के लिए सड़क किनारे खोदे गए गहरे गड्ढे में 26 टन माल से लदा एक भारी कंटेनर अचानक धंस गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।जानकारी के अनुसार, भारी कंटेनर घोड़बंदर रोड से गुजर रहा था। दोस्ती इम्पीरिया के सामने पहुंचते ही उसका पिछला हिस्सा मेट्रो निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे की ओर धंस गया और पहिये गड्ढे में फंस गए। भारी वजन होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही चितलसर पुलिस स्टेशन के अधिकारी और बीट मार्शल मौके पर पहुंचे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने गड्ढे के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को वहां जाने से रोका और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की भीड़ बढ़ गई और जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित करने के साथ कंटेनर को सुरक्षित तरीके से निकालने की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने मेट्रो निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्यों के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments