HomeArchitectureEducationबुंदेलखंड विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान, NCC कैडेट्स ने रैली निकालकर दिया...

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान, NCC कैडेट्स ने रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश

‘नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो’ के नारों से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी एवं 56 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्ति अभियान’ के तहत जागरूकता पदयात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का आयोजन एनसीसी अधिकारी एवं आईक्यूएसी निदेशक प्रो. (मेजर) एस.के. काविया के मार्गदर्शन में किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकालकर ‘नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो’, ‘हम नशा नहीं करेंगे, नशा नहीं करने देंगे’, ‘नशामुक्त भारत–स्वस्थ भारत’ और ‘युवा जागे–देश आगे’ जैसे नारों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान कैडेट्स ने नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी लिया। 56 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, झांसी के कमान अधिकारी कर्नल प्रशांत कक्कड़ ने अपने संदेश में कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवा यदि नशे से दूर रहकर अनुशासन, चरित्र और राष्ट्रसेवा को अपनाएं तो सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने प्रत्येक एनसीसी कैडेट से समाज में नशा मुक्ति का संदेशवाहक बनने का आह्वान किया। प्रो. (मेजर) एस.के. काविया ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करती है। नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी को सक्रिय योगदान देना चाहिए। इस दौरान एनसीसी कैडेट हेमंत चंद्र ने कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में सूबेदार विजय पाल, हवलदार प्रदीप कुमार, हवलदार जगमोहन सिंह, शशांक चन्द्र, चन्द्रभान प्रजापति, हितिका यादव, राजीव दुबे, जितेन्द्र कुमार और चन्द्र प्रकाश सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments