
मुंबई। हीरा प्रमाणन के क्षेत्र में अग्रणी एचआरडी एंटवर्प के मुंबई स्थित नए कार्यालय का उद्घाटन बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने किया। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में आयोजित समारोह में एचआरडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पॉल डी वॉख्टर और प्रबंध निदेशक रमाकांत मिटकर ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में रवि भंसाली, चिराग शाह और माइकल गिल्हान्ड डी मर्झेम भी शामिल थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने कहा, “जिस तरह हीरा चमकता है, उसी तरह राष्ट्रों के बीच विश्वास भी चिरस्थायी रहता है।” उन्होंने नए कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद हीरों की जांच और प्रमाणन की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री डी वेवर ने माइक्रोस्कोप के माध्यम से हीरे का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्हें हीरे के कट, रंग, शुद्धता और कैरेट सहित गुणवत्ता निर्धारण के विभिन्न मानकों की जानकारी दी गई। साथ ही हीरे पर की जाने वाली लेजर मार्किंग और प्रमाणन प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया। एचआरडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पॉल डी वॉख्टर ने कहा कि ग्राहकों के लिए हीरा खरीदते समय उसका प्रमाणपत्र और गुणवत्ता जांचना बेहद महत्वपूर्ण है। प्रमाणित हीरा ग्राहकों को उसकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता के बारे में विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराता है। एचआरडी एंटवर्प के नए मुंबई कार्यालय के शुभारंभ को भारत और बेल्जियम के बीच हीरा उद्योग से जुड़े व्यापारिक संबंधों और पारस्परिक विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

