
मुंबई। महाराष्ट्र के विधायक संजय गायकवाड़ की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और व्यवहार को लेकर तुलुनाडु/शेट्टी समुदाय के प्रमुख सदस्यों ने विरोध जताया है। यरमल हरीश शेट्टी और दिनेश गणेश हेगड़े ने गायकवाड़ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की है। बताया जा रहा है कि विधायक संजय गायकवाड़ ने एक कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किया और तुलुनाडु/शेट्टी समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कीं। इस घटना से समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। यरमल हरीश शेट्टी और दिनेश हेगड़े ने इस कृत्य को “पूर्णतः झूठा और अपमानजनक” बताते हुए इसे सामुदायिक गरिमा के खिलाफ बताया।
उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल अपमानजनक है, बल्कि इससे एक खतरनाक परंपरा की शुरुआत हो सकती है जिसमें किसी भी समुदाय को अपमान सहना पड़े। उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा की रक्षा के लिए जनप्रतिनिधियों को उनके कृत्य के लिए जवाबदेह ठहराने की आवश्यकता जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे से अपील की है कि विधायक संजय गायकवाड़ से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, समुदाय के नेताओं ने सभी नागरिकों से इस याचिका पर हस्ताक्षर कर सामूहिक नागरिक सक्रियता (Citizen Activism) के माध्यम से आवाज उठाने की अपील की है, जिससे भविष्य में किसी भी समुदाय या व्यक्ति को इस प्रकार की अपमानजनक स्थिति का सामना न करना पड़े। दिनेश गणेश हेगड़े और यरमल हरीश शेट्टी ने कहा कि हम “तुलुनाडु सृष्टि के महान वंशज हैं – मूक दर्शक नहीं”, और हम अपने आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अंत तक संघर्ष करेंगे।




