
झांसी उत्तर प्रदेश। अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक की। बैठक में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, आगामी चुनावों की तैयारियां, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सोशल मीडिया की निगरानी, ऑपरेशन कन्विक्शन की प्रगति तथा वांछित एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



