HomeCrimeमुंबई में मिलावटी दूध का रैकेट बेनकाब, क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों...

मुंबई में मिलावटी दूध का रैकेट बेनकाब, क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-11 ने गोरेगांव पश्चिम में चल रहे मिलावटी दूध के रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) ने करीब 575 लीटर मिलावटी दूध समेत दूध में मिलावट और पैकेट दोबारा सील करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत ₹70,404 आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गोरेगांव पश्चिम स्थित लिंक रोड पर प्रेम नगर की अंकुर बिल्डिंग से यह अवैध कारोबार चला रहे थे। वे नामी डेयरी ब्रांड के दूध के पैकेट खोलकर उनमें से कुछ दूध निकालते थे, फिर उसमें पानी मिलाकर विशेष उपकरणों से दोबारा सील कर बाजार में असली दूध के रूप में बेच देते थे। कांदिवली क्राइम डिटेक्शन ब्रांच को इस रैकेट की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर 15 जुलाई 2026 की सुबह क्राइम ब्रांच और एफ़डीए की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को दूध के पैकेट खोलते, उनमें पानी मिलाते और दोबारा सील करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। छापे में 575 लीटर मिलावटी दूध, 224 खाली दूध के पाउच, पैकेजिंग व सीलिंग मशीनें तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आवश्यक वस्तु अधिनियम और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मिलावटी दूध लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह रैकेट कब से संचालित हो रहा था और मुंबई के किन-किन इलाकों में मिलावटी दूध की आपूर्ति की जा रही थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments