Wednesday, March 25, 2026
Google search engine
HomeCrimeमुंब्रा गोलीकांड में आरोपी गिरफ्तार, गलतफहमी में हुई वारदात

मुंब्रा गोलीकांड में आरोपी गिरफ्तार, गलतफहमी में हुई वारदात

मुंबई। ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बताया कि यह घटना किसी संगठित गैंग की साजिश नहीं, बल्कि एक गलतफहमी के चलते हुई है। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 7 मार्च 2026 को तड़के करीब 5 बजे मुंब्रा के अलमास कॉलोनी क्षेत्र में नदीम मोईनुद्दीन खान के घर के बाहर खड़ी कार पर आरोपी शहाबाज उर्फ शबू मुन्ना शमशाद कुरैशी और उसके एक साथी ने फायरिंग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नदीम खान, जो एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, ने पहले भी जान से मारने की धमकियां मिलने की जानकारी दी थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आचार गली इलाके में छिपा है। जब पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस और वहां मौजूद लोगों पर फायरिंग कर दी, जिसमें दो नागरिक घायल हो गए। बाद में पुलिस ने पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिस्तौल, कारतूस, मैगजीन और इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, डीवीआर और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स को भी जांच के लिए जब्त किया गया है। हथियारों की फोरेंसिक जांच जारी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास, उगाही और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 12 मामले दर्ज हैं। वह अगस्त 2025 में तिहाड़ जेल से जमानत पर छूटने के बाद मुंब्रा में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नदीम खान द्वारा सुपारी दिए जाने के शक में आरोपी ने यह हमला किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस घटना में किसी गैंग के शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं। उन्होंने मुंब्रा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ‘सुरक्षित ठाणे’ ऐप के जरिए भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस आयुक्त को इस मामले पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं और जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments