
मुंबई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित ‘खेल और जलवायु – एक महत्वपूर्ण संवाद’ विषयक परिसंवाद में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महानगर के रूप में तेजी से विकास कर रही मुंबई को पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए भविष्य की पीढ़ियों के लिए अधिक हरित, सुरक्षित, स्वस्थ और जलवायु परिवर्तन का सामना करने में सक्षम शहर के रूप में विकसित करना समय की आवश्यकता है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा Project Mumbai के संयुक्त तत्वावधान में महानगरपालिका मुख्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
ए.बी. डिविलियर्स और दिया मिर्जा ने पर्यावरण संरक्षण पर रखे विचार
परिसंवाद में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एबी डिविलियर्स, अभिनेत्री एवं संयुक्त राष्ट्र की सद्भावना दूत दीया मिर्जा, विवेक सिंह तथा शिशिर जोशी ने भाग लिया। चर्चा के दौरान प्लास्टिक प्रदूषण के बढ़ते खतरे, उसके पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव तथा उससे निपटने के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए सरकार, उद्योग, खेल जगत और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।
‘मुंबई क्लाइमेट वीक 2027’ की घोषणा, जनभागीदारी पर जोर
कार्यक्रम से पहले प्रोजेक्ट मुंबई द्वारा ‘मुंबई क्लाइमेट वीक 2027’ की घोषणा भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक आंदोलन का स्वरूप ग्रहण करना चाहिए। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, प्लास्टिक उपयोग में कमी, हरित क्षेत्रों का विस्तार और टिकाऊ जीवनशैली अपनाकर ही मुंबई को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है। इस अवसर पर विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और पर्यावरण क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।



