HomeFashionNew Lookबालाघाट में तिरंगे की शान में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा की भव्य बाइक...

बालाघाट में तिरंगे की शान में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा की भव्य बाइक तिरंगा यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत

बालाघाट, मध्य प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को बालाघाट जिले में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। समनापुर, भरवेली, बालाघाट ग्रामीण, हट्टा और रजेगांव मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण शामिल हुए। तिरंगा यात्रा की शुरुआत भाजपा कार्यालय आंवलाझरी से हुई। यात्रा सरेखा, कोसमी, नवेगांव नैतरा, लिंगा, लोहारा, हरदौली, परसवाड़ा और खैरगांव होते हुए हट्टा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया। भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय हिन्द और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। यात्रा से पहले आंवलाझरी में भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कांवरे और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य मौसम बिसेन ने भाजपा भरवेली एवं बालाघाट ग्रामीण मंडल कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कांवरे ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य मौसम बिसेन ने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने की अपील की। जनपद पंचायत बालाघाट के अध्यक्ष फूलचंद सहारे ने कहा कि यात्रा में शामिल सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं तिरंगा यात्रा प्रभारी अखिलेश चौरे ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का अभियान है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कांवरे, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह ठाकुर, जिला मंत्री सुधीर चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र क्षीरसागर, जिला मीडिया सह प्रभारी जितेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष राकेश सेवईवार, सतीश लिल्हारे, राजेश गोमासे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना राहंगडाले, किसान मोर्चा के यशवंत लिल्हारे, भाजयुमो यात्रा प्रभारी अखिलेश चौरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments