बोलीं—जिस तरह की कॉमेडी करना चाहती थी, वैसा ही मौका मिला

मुंबई। अभिनेत्री संदीपा धर अपनी आगामी वेब सीरीज ‘चुंबक’ के जरिए अभिनय का एक नया रंग दर्शकों के सामने पेश करने जा रही हैं। संदीपा पहली बार पूरी तरह कॉमेडी शैली में नजर आएंगी। इसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं और उनका कहना है कि उन्हें ठीक उसी तरह की कॉमेडी करने का मौका मिला है, जिसका वह लंबे समय से हिस्सा बनना चाहती थीं। अपने इस नए अनुभव के बारे में संदीपा ने कहा, “यह बिल्कुल सही है कि मैंने पहले कभी आउट एंड आउट कॉमेडी नहीं की है, खासकर इस तरह की कॉमेडी तो बिल्कुल नहीं। हालांकि, मैंने हमेशा सोचा था कि अगर मुझे कॉमेडी करनी है तो वह आतिश और जेडी जैसी कॉमेडी हो। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे वैसा ही मौका मिला।” संदीपा के लिए ‘चुंबक’ केवल एक नई शैली में काम करने का अवसर नहीं है, बल्कि कॉमेडी को एक अलग और ताजगी भरे अंदाज में समझने तथा पर्दे पर पेश करने का मौका भी है। शो का हिस्सा बनने को लेकर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए निर्माताओं के साथ नेटफ्लिक्स का भी आभार जताया। संदीपा ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने मुझे ‘चुंबक’ का हिस्सा बनाया और निश्चित रूप से नेटफ्लिक्स का भी शुक्रिया, जिसने इस तरह के प्रोजेक्ट को समर्थन दिया। व्यक्तिगत रूप से आतिश और जेडी सर के पिछले शो मुझे एक दर्शक के तौर पर काफी पसंद आए हैं। खासकर एक मिलेनियल होने के नाते मैं खुद भी अब कुछ ऐसा ही देखना चाहती थी। इसलिए मुझे इस शो का हिस्सा बनने की बेहद खुशी है। अब तक अलग-अलग तरह की भूमिकाओं में नजर आ चुकी संदीपा धर का कॉमेडी अवतार दर्शकों के लिए भी नया अनुभव होगा। आधुनिक और मनोरंजक कहानी कहने के अंदाज के साथ तैयार ‘चुंबक’ को लेकर जहां उनके प्रशंसकों में उत्सुकता है, वहीं संदीपा भी अपने इस नए अंदाज को दर्शकों के सामने लाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।

