HomeBollywood‘टॉक्सिक’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 100 करोड़ पार

‘टॉक्सिक’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 100 करोड़ पार

चार साल बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी, दुनियाभर में 150 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग का दावा


मुंबई। यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ के करीब चार साल बाद बड़े पर्दे पर लौटे यश की इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। कमजोर स्क्रीनप्ले और संवादों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना के बावजूद पहले दिन फिल्म की कमाई पर इसका खास असर दिखाई नहीं दिया। बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं को मिलाकर भारत में करीब 101.10 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग 120.75 करोड़ रुपये रहा। पहले दिन फिल्म के करीब 24,579 शो बताए गए। भाषाओं के हिसाब से हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा करीब 55 करोड़ रुपये की कमाई की। कन्नड़ वर्जन ने लगभग 23.30 करोड़ और तेलुगु वर्जन ने करीब 16 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तमिल में फिल्म ने करीब 5.50 करोड़ और मलयालम में लगभग 1.30 करोड़ रुपये कमाए। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म ने दुनियाभर में भी शानदार शुरुआत करते हुए पहले दिन 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है। इस बड़ी ओपनिंग के बाद फिल्म के आने वाले दिनों के प्रदर्शन पर फिल्म उद्योग की नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि दूसरे दिन ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार पहले दिन की तुलना में धीमी नजर आई। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, 27 अगस्त को शाम 8 बजे तक फिल्म ने करीब 16.48 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया था। इसके साथ उस समय तक फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन लगभग 117.58 करोड़ रुपये और इंडिया ग्रॉस करीब 140.20 करोड़ रुपये पहुंच गया था। ये दूसरे दिन के शुरुआती आंकड़े थे और अंतिम कलेक्शन में बदलाव संभव है। दूसरे दिन भी हिंदी वर्जन करीब 10.40 करोड़ रुपये की कमाई के साथ सबसे आगे रहा। कन्नड़ में करीब 4.16 करोड़, तेलुगु में 1.09 करोड़, तमिल में 61 लाख और मलयालम में लगभग 22 लाख रुपये का शुरुआती कारोबार दर्ज किया गया। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर एक्शन ड्रामा है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी पहली बार पर्दे पर नजर आए हैं। फिल्म में अक्षय ओबेरॉय, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। ‘केजीएफ’ के रॉकी भाई के रूप में देशभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने वाले यश की चार साल बाद हुई वापसी के कारण फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता थी। अब निगाहें इस बात पर हैं कि शुरुआती धमाके के बाद ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार कितने दिनों तक बरकरार रख पाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments