
मुंबई। पुणे जिले के जुन्नर तहसील के पिंपळवंडी गांव में साढ़े नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की घटना पर बुधवार को उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल से फोन पर बातचीत कर मामले की जांच की समीक्षा की और निर्देश दिए कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी एवं गहन जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सुनेत्रा पवार ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और मामले की जांच तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए वह मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का विशेष अनुरोध करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। सुनेत्रा पवार जल्द ही पिंपळवंडी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगी और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा देंगी।

