HomeArchitectureEducationबुंदेलखंड विश्वविद्यालय में ‘दीक्षोत्सव पखवाड़ा’ का भव्य आयोजन, संस्कार, संस्कृति और सामाजिक...

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में ‘दीक्षोत्सव पखवाड़ा’ का भव्य आयोजन, संस्कार, संस्कृति और सामाजिक चेतना का दिखा संगम

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर तथा ‘उन्नत भारत अभियान’ के अंतर्गत गोद लिए गए गांवों में 15 दिवसीय ‘दीक्षोत्सव पखवाड़ा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं में भारतीय संस्कृति, संस्कार, कला और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। दीक्षोत्सव के दौरान विश्वविद्यालय परिसर और गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। युवाओं को भारतीय परंपराओं से जोड़ने और उनकी शारीरिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से भाषण, वाद-विवाद, चित्रकला, कहानी लेखन, निबंध लेखन और कविता प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पखवाड़े के दौरान सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखते हुए पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति अभियान भी चलाए गए। पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। दीक्षांत समारोह के मुख्य कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने जल संरक्षण विषय पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में प्रस्तुत इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व का प्रभावी संदेश दिया गया, जिसकी सभी ने सराहना की। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दीक्षोत्सव पखवाड़ा ने परिसर और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति नई चेतना का संचार किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी कार्य किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments