HomeMaharashtra12वीं मंजिल से बिल्ली को फेंकने के मामले में पंकजा मुंडे सख्त,...

12वीं मंजिल से बिल्ली को फेंकने के मामले में पंकजा मुंडे सख्त, ठाणे पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

ठाणे। महाराष्ट्र की पशुपालन मंत्री पंकजा मुंडे ने अंबरनाथ के रॉयल फ्लोरा फेज-2 कॉम्प्लेक्स में एक बिल्ली को कथित तौर पर 12वीं मंजिल से फेंककर मार डालने की घटना का गंभीर संज्ञान लिया है। मंत्री ने ठाणे के पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखकर मामले की तत्काल जांच कर आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यह घटना 26 जुलाई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों और पशु कल्याण संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोप है कि एक बिल्ली के बच्चे को इमारत की 12वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय पशु कल्याण संगठनों ने कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी। मंत्री पंकजा मुंडे ने अपने पत्र में कहा कि जानवरों के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। मुंडे ने अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। उनके पत्र की प्रतिलिपि ठाणे जिला कलेक्टर, जो जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के अध्यक्ष हैं, तथा पशुपालन विभाग के उप आयुक्त और समिति के सदस्य सचिव को भी भेजी गई है। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है। अब पशु कल्याण संगठनों और स्थानीय नागरिकों की नजर पुलिस जांच और आरोपी के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments