
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई के मलबार हिल स्थित पुनर्निर्मित हाईमाउंट राज्य अतिथि गृह का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक अतिथि गृह राज्य में आने वाले वीवीआईपी, विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों के ठहरने के लिए तैयार किया गया है। इससे महाराष्ट्र की आधिकारिक मेहमाननवाज़ी व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल, सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, जलसंपदा मंत्री गिरीष महाजन, विधायक विश्वजीत कदम, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिलिंद म्हैसकर, मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी डॉ. राजेश गावंडे, मुख्य अभियंता प्रज्ञा वालके सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
57 आधुनिक कमरों से सुसज्जित है नया अतिथि गृह
मलबार हिल स्थित इस नए राज्य अतिथि गृह में कुल 57 आधुनिक कमरे बनाए गए हैं। इनमें 6 वीवीआईपी सुइट और 51 अन्य अतिथि कक्ष शामिल हैं। भवन का निर्माण भूतल सहित आठ मंजिलों में किया गया है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं, उच्च सुरक्षा मानकों और उत्कृष्ट आतिथ्य सेवाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने अतिथि गृह का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह नया परिसर देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथियों को विश्वस्तरीय आवास सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा को नई पहचान देगा।

